कोरबा : अलाव तापते समय महिला के कपड़ों में लगी आग, बचाने आए युवक भी झुलसा

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती में मंगलवार को अलाव तापते समय एक महिला के कपड़ों में आग लग गई। महिला को बचाने के प्रयास में एक युवक भी झुलस गया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रूबी देवी अपने घर के पास कुछ लोगों के साथ अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान वह फूलबाई नाम की एक अन्य महिला से बातचीत करते हुए खड़ी थीं। अचानक पीछे हटते समय उनके कपड़ों में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कंबल और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
महिला को बचाने की कोशिश में जगदीश कुमार नामक युवक भी झुलस गया। जगदीश ने बताया कि वह कुछ दूरी पर खड़े थे और आग की लपटें देखते ही कंबल लेकर दौड़े आए। आग बुझाने के दौरान उनके हाथ जल गए।
रूबी देवी के पति लक्ष्मण कुमार ने बताया कि घटना के समय वह काम के सिलसिले में बाहर थे। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया था।



