छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: मंत्री स्तरीय चर्चा आज से शुरू, नवीन मद प्रस्तावों पर होगा निर्णय

रायपुर। छत्तीसगढ़ का वर्ष 2026-27 का बजट तैयार करने की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। महानदी भवन मंत्रालय में मंत्री स्तरीय बजट चर्चा आज 6 जनवरी से शुरू होकर 9 जनवरी तक चलेगी। इस दौरान मुख्य बजट प्रस्तावों तथा नवीन मद प्रस्तावों पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों की चर्चा का समय अलग से निर्धारित किया जाएगा।
चर्चा में मंत्री अपने विभागों की नई योजनाओं के प्रस्ताव पेश करेंगे। सहमति वाले प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर बजट में शामिल किया जाएगा, जबकि असहमति वाले प्रस्तावों को दरकिनार कर दिया जाएगा।
आज 6 जनवरी को सुबह 11 बजे उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, दोपहर 12 बजे स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं ओबीसी कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दोपहर 2 बजे पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल तथा दोपहर 3 बजे कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं एससी कल्याण मंत्री गुरु खुशवंत सैनी के प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
7 जनवरी को सुबह 11 बजे वन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, दोपहर 12 बजे राजस्व, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, दोपहर 2.30 बजे अजाक कल्याण, कृषि एवं मछली-पशुधन पालन मंत्री रामविचार नेताम तथा अपराह्न 4 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे।
8 जनवरी को सुबह 11 बजे उप मुख्यमंत्री अरुण साव के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खेल एवं युवा कल्याण तथा नगरीय प्रशासन विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा होगी। दोपहर 2.30 बजे स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी विभागों के प्रस्ताव रखे जाएंगे।
9 जनवरी को दोपहर 12 बजे महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा दोपहर 2 बजे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आईटी विभाग के नवीन प्रस्तावों पर मंजूरी दी जाएगी।



