इंदौर में दूषित पानी से 17वीं मौत, 69 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने तोड़ा दम

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक और मरीज की मौत के साथ ही इस मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। इससे पहले यह आंकड़ा 16 था। मृतक की पहचान रिटायर्ड पुलिसकर्मी ओमप्रकाश शर्मा (69) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से धार जिले की शिव विहार कॉलोनी के निवासी थे और अपने बेटे से मिलने इंदौर आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश शर्मा को 1 जनवरी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उनकी किडनी खराब होने की पुष्टि हुई। हालत बिगड़ने पर 2 जनवरी को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया और दो दिन बाद वेंटिलेटर पर रखा गया। रविवार दोपहर करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वे केवल ब्लड प्रेशर के मरीज थे और दूषित पानी के कारण उनकी किडनी खराब हुई, जिसके बाद उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका।
इधर, बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती 11 मरीजों में से 4 को हालत में सुधार के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। रविवार रात तक 7 मरीज आईसीयू में भर्ती थे। अब तक कुल 398 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किए जा चुके हैं, जिनमें से 256 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में 142 मरीजों का इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने 4 जनवरी को प्रभावित क्षेत्र में 2354 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 9416 लोगों की जांच की गई, जिनमें 20 नए मरीज सामने आए, जबकि 429 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया। सीएमएचओ डॉ. माधव हसनी ने बताया कि क्षेत्र में 5 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र के प्रत्येक घर में 10 ओआरएस पैकेट और 30 जिंक की गोलियां वितरित की गई हैं। पानी को शुद्ध करने के लिए क्लीन वाटर बॉटल किट भी दी गई है। इसके अलावा 17 टीमें लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं, जिनमें जन अभियान परिषद के सदस्य, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, सुपरवाइजर और एनजीओ के सदस्य शामिल हैं।
वहीं, इस मामले में शासन मंगलवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगा।



