छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और हल्की बारिश की संभावना

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर जारी है। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बादल छाने और तापमान में और कमी आने की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास सक्रिय है। यह समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवात के रूप में स्थित है, जिसके साथ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में द्रोणिका भी जुड़ी हुई है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है। आगामी तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे रात और सुबह की ठंड और तेज होगी।



