म्यूल अकाउंट गैंग का भंडाफोड़, मुख्य आरोपित सहित पांच गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट संचालित करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपित सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 78 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक तथा विभिन्न कंपनियों के 16 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपित लोकेश जाधव महाराष्ट्र फरार होने की कोशिश में था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि 30 दिसंबर को थाना पद्मनाभपुर में मोबाइल दुकानदार अविनाश दुबे ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी दुकान में अमित मिश्रा नामक युवक मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य करता था, जिसके माध्यम से उसकी पहचान बोरसी, दुर्ग निवासी लोकेश जाधव उर्फ लक्की (35) से हुई। कुछ समय पहले लोकेश ने अपने भाई के बाहर से पैसे आने का हवाला देते हुए बैंक खाता नहीं होने की बात कही और 20 हजार रुपये का लालच देकर खाता उपलब्ध कराने को कहा।
प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने अपना एक्सिस बैंक महाराजा चौक शाखा और आईडीबीआइ बैंक कुम्हारी शाखा का खाता आरोपित को सौंप दिया। बाद में आईडीबीआइ बैंक का खाता फ्रीज होने पर प्रार्थी को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पद्मनाभपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार एफआइआर की जानकारी मिलते ही मुख्य आरोपित लोकेश जाधव बस से कल्याण, महाराष्ट्र भागने की फिराक में था, जिसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कब्जे से अन्य व्यक्तियों के 33 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, नौ पासबुक तथा 12 सिम कार्ड बरामद किए गए।



