राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम ‘कार्तिक जतरा’ में होंगी शामिल, पहले छत्तीसगढ़ के जशपुर पहुंचेंगी

जशपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड दौरे पर रहेंगी। वे झारखंड के मांझाटोली में आयोजित अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम समारोह ‘कार्तिक जतरा’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति पहले छत्तीसगढ़ के जशपुर पहुंचेंगी। जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से मांझाटोली के लिए रवाना होंगी। इस समारोह में छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति के आगमन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन को देखते हुए जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति जशपुर से लगभग 21 किलोमीटर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रहेंगे मौजूद
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जशपुर पहुंचेंगे। वे सुबह 11:20 बजे स्वर्गीय कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद 11:40 बजे बगीचा के रायडीह में अंतर्राज्यीय जनसांस्कृतिक संगम समारोह में पहुंचेंगे। कार्यक्रम में झारखंड और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।



