अल्मोड़ा में यात्री बस खाई में गिरी, छह की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा की ओर जा रही थी। सैलापानी बैंड के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई। अब तक पांच शव घटनास्थल से बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। मृतकों की पहचान और पते की जानकारी जुटाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और चालक द्वारा नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की बस संख्या यूके 07 पीए 4025 है, जो रामनगर के मोहम्मद अल्ताफ की बताई जा रही है। बस सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी और मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे नोबाड़ा से चली थी। लगभग आठ बजे सैलापानी बैंड के समीप हादसा हो गया। हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


