बलरामपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 6 करोड़ का गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बलरामपुर–रामानुजगंज। नए साल से पहले छत्तीसगढ़ के रास्ते हो रही गांजा तस्करी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बलरामपुर जिले की पुलिस ने बसंतपुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के गांजे से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। आरोपी यह मादक पदार्थ ओडिशा से राजस्थान ले जा रहे थे। इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 28 दिसंबर की रात सरहदी इलाके में ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भरी नारियल भूसी के नीचे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त गांजे का कुल वजन 1198.460 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अमरीश कुमार (23) और मनीष कुमार (20) उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि एक अन्य आरोपी भी अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़ा बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



