गेवरा में डॉक्टर पर जानलेवा हमला, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से लौटते समय हुई मारपीट

कोरबा। नेहरू शताब्दी अस्पताल गेवरा में पदस्थ चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर रविवार को जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई, जब डॉ. विश्वास अपनी टीम के साथ ग्राम रलिया में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से लौट रहे थे। मामले में दीपका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को ग्राम रलिया में सीएसआर के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। इसी दौरान गांव निवासी रामनारायण पटेल इलाज के लिए पहुंचा। डॉक्टर द्वारा उसे लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करने को कहने पर वह आक्रोशित हो गया और डॉक्टर को धमकी दी।
आरोप है कि शाम को शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉ. अर्पण विश्वास अपनी टीम और एम्बुलेंस कर्मियों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और उनके दो अन्य साथियों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से डॉक्टर पर हमला कर दिया।
इस हमले में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान स्टाफ ने बीच-बचाव कर किसी तरह डॉक्टर को सुरक्षित निकाला और उन्हें दीपका थाना पहुंचाया। दीपका पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रामनारायण पटेल, नीरज पटेल सहित अन्य के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



