रायपुर रेलवे जंक्शन का टर्मिनल विस्तार छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे की 2030 तक क्षमता दोगुनी करने की महत्वाकांक्षी योजना में रायपुर रेलवे जंक्शन का शामिल होना छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह निर्णय प्रदेश को विकास के नए पायदान पर ले जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर जंक्शन के टर्मिनल विस्तार, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म निर्माण एवं आधुनिक परिचालन अवसंरचना से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी। लंबी दूरी एवं स्थानीय यात्राओं में सहूलियत बढ़ेगी तथा ट्रेन परिचालन में गति एवं दक्षता आएगी। आधुनिक रेलवे अवसंरचना आज की आवश्यकता है तथा केंद्र सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर जंक्शन का विस्तार छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करेगा। इससे उद्योग, व्यापार, खनिज परिवहन एवं कृषि उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी। रेलवे नेटवर्क के सशक्तिकरण से निवेश बढ़ेगा एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को प्रमुख महानगरों एवं औद्योगिक केंद्रों से बेहतर जोड़ेगी तथा समग्र आर्थिक विकास को गति देगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि यह योजना छत्तीसगढ़ को प्रगति के नए शिखर तक पहुंचाएगी।



