छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बरकरार, 48 घंटे में तापमान में और गिरावट के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आने वाले 48 घंटों में प्रदेश के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में शीत लहर के हालात बने रहेंगे। राजधानी रायपुर सहित कई हिस्सों में कोहरे और धुंध की स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए जनवरी माह में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अगले सप्ताह भी ठंड का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा गिरकर 5.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह के समय लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार वातावरण शुष्क बने रहने के कारण प्रदेश में कहीं भी बादल या बारिश जैसे हालात नहीं बने हैं। वर्ष के अंत तक ऐसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है और आने वाले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। गुरुवार को दुर्ग में शीत लहर की स्थिति रही। शुक्रवार और शनिवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। जिन इलाकों में धुंध की आशंका है, उनमें राजधानी रायपुर भी शामिल है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान यहां तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।



