मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में 186.98 करोड़ के 23 विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के फुंडहर खेल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम क्षेत्र के कुल 186.98 करोड़ रुपए लागत के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान 185.49 करोड़ रुपए की लागत से 17 कार्यों का भूमिपूजन तथा 1.49 करोड़ रुपए की लागत से 6 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के अंतर्गत तेलीबांधा चौक पर निर्मित सिंदूर पथ, फुंडहर चौक स्थित अटल परिसर और कोर्ट परिसर के पास स्थापित वनभैंसा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही आईएसबीटी, मोवा ब्रिज और विधानसभा ब्रिज के नीचे निर्मित बॉक्स क्रिकेट पिच का भी लोकार्पण किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडरी बस स्टैंड के पीछे और नरैया तालाब के पास कामकाजी महिला छात्रावासों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत तेलीबांधा चौक के पास टेक्नीकल टॉवर तथा खम्हारडीह में नवीन जलागार के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
इसके अलावा दलदल सिवनी अम्यूज़मेंट पार्क के पास नालंदा परिसर, पचपेड़ी नाका से सीएसईबी चौक तक गौरवपथ, पीएम ई-बस डिपो, इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, राइजिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन, नाला पुनर्निर्माण, सीसी रोड और नाली निर्माण तथा आरसीसी कवर्ड नाली निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देते हुए रायपुर-ग्रामीण, रायपुर-उत्तर और रायपुर-दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुधार, बीटी रिनिवल और ड्रेनेज कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही शहर के विभिन्न मार्गों पर बीटी टॉपिंग और पैच रिपेयर कार्यों की भी शुरुआत की गई।



