गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक माह में 2056 क्विंटल अवैध धान जब्त, कीमत 63 लाख रुपये

गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने दूसरे राज्यों से अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बीते एक माह 15 दिनों में कुल 2056.8 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 63 लाख 91 हजार 890 रुपये है। इस दौरान 41 अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
24 दिसंबर 2025 को थाना जुगाड़ (पायलीखंड) क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर तीन ट्रकों से 582.75 क्विंटल धान बरामद किया गया। ट्रक क्रमांक CG-29-A-9002 से 535 कट्टे, CG-04-PV-2651 से 360 कट्टे तथा CG-04-JC-2711 से 400 कट्टे धान मिले। कुल 1295 कट्टों की कीमत लगभग 18 लाख 6 हजार 525 रुपये आंकी गई है। धान को जब्त कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीमा क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवभोग, अमलीदर एवं छुरा क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। वैध दस्तावेजों के अभाव में कुल 41 प्रकरणों में 4662 कट्टे धान जब्त किए गए। इनमें 37 चार पहिया वाहनों से लदा धान तथा चार प्रकरणों में लावारिस धान शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केवल पंजीकृत किसानों से निर्धारित केंद्रों पर की जाती है। बॉर्डर चेक पोस्ट पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा वैध कागजात नहीं मिलने पर धान जब्त किया जा रहा है।
अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शासन की धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो।



