रायपुर: दूध डेयरी में शराब के नशे में सहकर्मी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना स्थित साहू दूध डेयरी में कार्यरत दो युवकों के बीच शराब के नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने सहकर्मी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना 23-24 दिसंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
डेयरी संचालक चिंटू साहू ने देर रात थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनके कर्मचारी सन्नी साहू तथा दुर्गेश धृतलहरे डेयरी में नहीं हैं तथा उनके कमरे में फर्श पर खून फैला हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज जांच से पता चला कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दुर्गेश बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद सन्नी उसे ऑटो में बैठाकर ले गया। पुलिस ने आरोपी सन्नी साहू को मेकाहारा अस्पताल से हिरासत में लिया। पूछताछ में सन्नी ने कबूल किया कि शराब पीने के बाद विवाद हुआ तथा उसने लोहे की रॉड एवं धारदार औजार से दुर्गेश के गले एवं गाल पर हमला किया। घायल दुर्गेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी सन्नी साहू (22 वर्ष) कचना का निवासी तथा दूध बांटने का कार्य करता था। मृतक दुर्गेश धृतलहरे खरोरा थाना क्षेत्र के परसवानी गांव का निवासी तथा ट्रैक्टर चालक था। दोनों डेयरी में रहकर कार्य करते थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।


