दिल्ली-एनसीआर में जहरीली हवा और घना कोहरा, उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में सोमवार सुबह जहरीली हवा और घने कोहरे की चादर छाई रही। स्मॉग और कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों पर असर पड़ा। बीते कई दिनों से कम दृश्यता के चलते प्रतिदिन 50 से अधिक उड़ानें रद्द या विलंबित हो रही हैं।
एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन ने एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के स्टेज चार के तहत सभी प्रतिबंधात्मक उपाय लागू कर दिए हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा दमघोंटू बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक पहले की तुलना में थोड़ा बेहतर हुआ है, लेकिन अभी भी बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया है।
सीपीसीबी के मुताबिक सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 377 रिकॉर्ड किया गया। आनंद विहार में एक्यूआई 402, बवाना में 408, बुराड़ी में 341, चांदनी चौक में 376, द्वारका में 386, आईटीओ में 370, जहांगीरपुरी में 402, मुंडका में 400, नरेला में 418, विवेक विहार में 388 और वजीरपुर में 408 दर्ज किया गया।



