विकसित भारत–जी राम जी से ग्रामीण श्रमिकों को मिलेगा भरोसा, सम्मान और सुरक्षा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विकसित भारत–जी राम जी ग्रामीण गरीबों, श्रमिकों और मेहनतकश मजदूर वर्ग के जीवन में भरोसा, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की एक सशक्त व्यवस्था है। इसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय पर रोजगार, पूरा पारिश्रमिक और पारदर्शी प्रणाली पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी के माध्यम से रोजगार प्रक्रिया में अनियमितताओं की संभावनाओं को न्यूनतम करने का प्रयास किया गया है, ताकि किसी भी श्रमिक को उसके अधिकारों से वंचित न किया जा सके। मजदूरी का भुगतान सीधे बैंक खातों में किए जाने से श्रमिकों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि इस कानून में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, रियल-टाइम निगरानी, एआई आधारित विश्लेषण और नागरिक सहभागिता जैसे आधुनिक प्रावधान शामिल किए गए हैं। ये व्यवस्थाएं गरीब और श्रमिक वर्ग के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात करता है। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अनुरूप यह पहल ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक आजीविका की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, समय पर रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव है, और विकसित भारत–जी राम जी कानून इसी नींव को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।



