छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर नक्सली डंप बरामद, आईईडी और मोर्टार सहित विस्फोटक सामग्री जब्त

गरियाबंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सुरक्षा बलों के विशेष अभियान से नक्सलियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दड़ईपानी की पहाड़ियों में सीआरपीएफ, ई-30, एसटीएफ, 207 कोबरा तथा 16वीं बटालियन सीएएफ की संयुक्त टीम को नक्सली डंप मिला।
माओवादी गतिविधियों की सूचना पर 19 दिसंबर को शुरू किए गए अभियान के दौरान पहाड़ी तराई क्षेत्र की तलाशी में यह सफलता मिली। प्रतिबंधित माओवादी संगठन डीजीएन (DGN) डिवीजन के नक्सलियों ने पुलिस दल को नुकसान पहुंचाने के इरादे से चट्टानों के अंदर प्लास्टिक ड्रम तथा स्टील डिब्बों में सामग्री छिपाकर रखी थी।
बरामद सामग्री में एक भरमार बंदूक, कंपनी निर्मित एक मोर्टार, 22 मोर्टार शेल, 150 डेटोनेटर, 18 तीर बम तथा आईईडी बनाने की अन्य सामग्रियां शामिल हैं। इस कार्रवाई से नक्सलियों द्वारा पुलिस पर आईईडी तथा मोर्टार हमले की साजिश नाकाम हो गई।



