ChhattisgarhState
दुर्ग: भिलाई इस्पात संयंत्र के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 में गैस रिसाव से लगी आग, दमकल टीम ने काबू पाया

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर-2 में शुक्रवार को पाइपलाइन से गैस रिसाव होने से अचानक भीषण आग लग गई। आईसीएल के सामने स्थित पीबीएस-2 में गैस लीकेज कुछ ही सेकंड में लपटों में बदल गया।
सूचना मिलते ही बीएसपी की दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया और स्थिति पर काबू पा लिया।
यह ब्लोइंग स्टेशन कोक ओवन से जुड़ा हुआ है तथा यहां से प्राप्त ब्लोइंग गैस से संयंत्र के अन्य विभागों की मशीनें संचालित होती हैं। गैस रिसाव के कारण कई यूनिटों पर असर पड़ने की आशंका थी, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। संयंत्र प्रबंधन ने गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



