उप मुख्यमंत्री ने 82.24 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, कहा – सरगुजा का अब तेजी से हो रहा विकास

रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में 82 करोड़ 23 लाख 71 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने शहर के स्वच्छता पार्क में 50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसर के लोकार्पण के साथ ही लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन भी किया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरगुजा तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। केवल 23 महीनों में ही अम्बिकापुर शहर के विकास के लिए 209 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा सरगुजा संभाग में सड़कों के कायाकल्प के लिए 1737 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विष्णु के सुशासन में प्रदेश सरकार तेजी से विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि आज लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए कार्यों से सरगुजा में न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि पर्यटन, कृषि और स्थानीय व्यापार को नई दिशा मिलेगी। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने अपने संबोधन में कहा कि शहर के विकास के लिए स्वीकृत बड़े कार्यों से अम्बिकापुर का तेजी से विकास होगा और जन सुविधाएं बढ़ेंगी। उन्होंने स्वीकृत सभी कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति शहरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।



