कांकेर में 2022 के दुष्कर्म मामले में एनएसयूआई से जुड़े आरोपी को 10 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा

कांकेर। जिला एवं सत्र न्यायालय ने वर्ष 2022 में दर्ज एक दुष्कर्म मामले में आरोपी रूहाब मेमन को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर 1500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। उस समय आरोपी छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़ा हुआ था।
अभियोजन के अनुसार पीड़िता कॉलेज छात्रा है। उसने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर 2022 को आरोपी उसे कांकेर क्षेत्र से वाहन में लेकर बाहर गया था। लौटते समय रास्ते में आरोपी उसे जंगल क्षेत्र में ले गया और दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना की थी।
सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया और उक्त सजा सुनाई। अदालत के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।



