National Unity Day: रायपुर में ‘एकता दौड़’ से गूंजा शहर, मुख्यमंत्री ने कहा – विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, ‘रन फॉर यूनिटी’ में बच्चों के साथ दौड़े
राजधानी रायपुर में आज (National Unity Day) के अवसर पर माहौल पूरी तरह देशभक्ति और उत्साह से भरा दिखा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि वे वह शक्ति थे जिन्होंने भारत की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी।

‘रन फॉर यूनिटी’ में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री ने शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘एकता दौड़’ में स्कूली छात्रों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ दौड़ लगाई। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था – एक भारत, श्रेष्ठ भारत। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल को उनकी दूरदृष्टि, दृढ़ता और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए ‘लौह पुरुष’ कहा जाता है।

एकता में बसता है भारत की आत्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता है। अलग-अलग भाषाएँ, संस्कृतियाँ और परंपराएँ हमें जोड़ती हैं। उन्होंने कहा, “हमारा देश कई रंगों का संगम है और यही विविधता हमें विश्व में विशिष्ट बनाती है।”
उन्होंने उपस्थित नागरिकों की अनुशासन और उत्साह के लिए प्रशंसा की और कहा कि यह जोश सरदार पटेल के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने सबको राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा के अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक मौजूद रहे।
 
				 
					


