खेल और युवा विकास पर मंथन, वर्चुअल बैठक में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव

मुंगेली। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव आज केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में शामिल हुए। यह बैठक खेल एवं युवा विकास से जुड़े चुनौतियों और अवसरों पर केंद्रित रही। श्री साव अपने प्रवास के दौरान मुंगेली कलेक्टोरेट से ऑनलाइन बैठक में जुड़े।
नई योजनाओं और खेल संस्कृति पर फोकस...
बैठक में युवाओं को खेलों से जोड़ने और देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने के लिए कई अहम सुझाव सामने आए।
- ‘खेलो इंडिया’ की तर्ज पर नई युवा कल्याण योजना शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।
- हर राज्य में खेल विश्वविद्यालयों की स्थापना पर चर्चा हुई।
- स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के क्षेत्रीय केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया।
- खेल अधोसंरचना के रखरखाव और मरम्मत के लिए विशेष बजट प्रावधान पर विचार किया गया।
- साथ ही एक एकीकृत डिजिटल स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म के विकास पर भी चर्चा की गई।
स्कूल-कॉलेजों में खेलों पर जोर...
उप मुख्यमंत्री साव ने सुझाव दिया कि राज्य और केंद्र सरकार के स्कूलों में खेलों के लिए बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए और आवश्यक स्टाफ की भर्ती की जाए। उन्होंने विशेष रूप से नवोदय और एकलव्य विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में नियमित खेल गतिविधियों को संचालित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को लेकर अहम सुझाव...
श्री साव ने बैठक में कहा कि SAI के रीजनल सेंटर्स में कोचों की स्किल अपग्रेडेशन बेहद जरूरी है। साथ ही, खेल कोटे से नियुक्त खिलाड़ियों को केवल खेल संबंधी जिम्मेदारियां ही दी जानी चाहिए ताकि उभरते खिलाड़ियों को उनके अनुभवों का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने सुझाव दिया कि—
- खेल विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़ाई जाए।
- खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जाए।
- खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक व्यवस्थित खेल नीति तैयार की जाए।
- खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की मॉनिटरिंग के लिए कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी...
इस वर्चुअल बैठक में उप मुख्यमंत्री साव के साथ मुंगेली की अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीएम अजय शतरंज भी उपस्थित रहे।