भैयाथान की जीवनरेखा गोबरी नदी पर बन रहा रपटा पुल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया निरीक्षण

भैयाथान। महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज गोबरी नदी पर निर्माणाधीन अस्थायी रपटा पुल का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और लोक निर्माण सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में और तेजी लाकर इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
मंत्री का सख्त निर्देश...
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने तकनीकी अमले और जिम्मेदार अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कहा कि
यह कार्य सीधे जनता की जरूरतों से जुड़ा है, इसलिए इसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
पुल टूटने से ग्रामीण परेशान...
गौरतलब है कि दो माह पहले भारी बारिश के चलते गोबरी नाला का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण खुटरापारा, डबरीपारा, गंगोटी और बांसापारा सहित 10 से अधिक ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और मरीजों की इलाज के लिए करीब 20 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों से हुई चर्चा...
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और भरोसा दिलाया कि अस्थायी रपटा पुल जल्द ही तैयार होगा, जिससे आवागमन सामान्य हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता और गति दोनों पर बराबर ध्यान दिया जाए।
शीघ्र मिलेगी राहत...
रपटा पुल बनकर तैयार हो जाने के बाद डुमरिया से गंगोटी मार्ग पर यातायात फिर से बहाल हो जाएगा। इससे हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से जारी परेशानियां खत्म होंगी।



