69 लाख महिलाओं को CM साय का बड़ा तोहफ़ा, महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त जारी

रायगढ़/खरसिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित विशाल कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने 69 लाख 15 हजार 994 महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1000-1000 रुपये की राशि ट्रांसफर की। एक क्लिक में कुल 647.13 करोड़ रुपये महिलाओं तक पहुँचे।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल...
सीएम साय ने कहा कि यह योजना महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सम्मान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आर्थिक सहयोग न सिर्फ महिलाओं को सशक्त करेगा, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक मजबूती में भी अहम योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया और कहा कि
राज्य सरकार हमेशा आपके साथ है और आपके जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
अब तक 12 हजार करोड़ से अधिक की राशि वितरित...
सीएम साय ने बताया कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक हर महीने पात्र महिलाओं को सीधे बैंक खातों में सहायता दी जा रही है। आज की 19वीं किस्त के साथ अब तक 12,376.19 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों तक पहुँचाई जा चुकी है।
परिवार और समाज में बदलाव...
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन में आशा, विश्वास और प्रेरणा का संचार कर रही है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है और इससे पूरे परिवार और समाज को मजबूती मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आगे भी योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
मंच पर रहे कई दिग्गज...
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।