बस्तर दौरे पर CM विष्णु देव साय, बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई निरीक्षण

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बस्तर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और पुनर्वास की तैयारियों की समीक्षा की।
चार जिलों में भारी तबाही...
बीते दिनों लगातार हुई बारिश से बस्तर संभाग के चार जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर—में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। भारी तबाही के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति हुई है। कई पुल और पुलिया बाढ़ में बह गए हैं, जिनकी वजह से आवागमन बाधित है। प्रशासन वैकल्पिक रास्तों के जरिए संपर्क बहाल करने में जुटा है, लेकिन मूसलाधार बारिश थमने के तीन दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं।
प्रभावितों को त्वरित मदद का भरोसा...
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को बिना देरी राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनहानि और पशुहानि से प्रभावित परिवारों को तुरंत मुआवजा मिले। साथ ही क्षतिग्रस्त मकानों के लिए तिरपाल, बांस-बल्ली और अन्य जरूरी सामग्री भी शीघ्र वितरित की जाए।
राहत और बहाली कार्य तेज करने के निर्देश...
मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि बाढ़ प्रभावित गांवों तक सड़क संपर्क जल्दी बहाल हो, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत की जाए और बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे संवेदनशील इलाके में बुनियादी सुविधाओं की जल्द से जल्द बहाली ही राहत कार्यों की सफलता की कुंजी है।