सीएम साय के जापान दौरे का तीसरा दिन : ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में होंगे शामिल, निवेशकों से वन-टू-वन बैठक तय…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों जापान दौरे पर हैं। उनका यह दौरा आज तीसरे दिन में पहुंच गया है। इससे पहले दूसरे दिन राजधानी टोक्यो में उन्होंने एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेट्रो) के वरिष्ठ अधिकारियों से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आईटी, टेक्सटाइल, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और क्लीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
भारतीय समुदाय से आत्मीय मुलाकात...
टोक्यो प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने वहां रह रहे भारतीय मूल के नागरिकों से भी भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्रगति, अधोसंरचना, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और रोजगार के अवसरों पर बातचीत की। सीएम ने कहा कि जापान में बसे भारतीयों का छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़ाव और सहयोग की भावना बेहद प्रेरणादायी है।
अंतरिक्ष दिवस प्रदर्शनी का अवलोकन...
मुख्यमंत्री ने टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित “डीप स्पेस – टू द मून एंड बियॉन्ड” प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित की गई थी। सीएम साय ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रहे नवाचार छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बनने वाले अंतरिक्ष निर्माण क्लस्टर को नई दिशा देंगे।
ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में होंगे शामिल...
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ओसाका में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो में भी शिरकत करेंगे। यहां दुनियाभर से आए उद्योगपतियों और निवेशकों से उनकी मुलाकात तय है, जहां वन-टू-वन मीटिंग भी हो सकती है।