टोक्यो से रायपुर तक: CM विष्णु देव साय की कोशिशें बदलेंगी प्रदेश की तस्वीर, CM साय का बड़ा मिशन…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों विदेश दौरे पर हैं। उनके जापान प्रवास का आज दूसरा दिन है। इस दौरान वे प्रदेश के लिए बड़े निवेश और तकनीकी सहयोग लाने की कोशिश में जुटे हैं।
असाकुसा मंदिर में की प्रदेशवासियों की खुशहाली की प्रार्थना...
जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर के दर्शन किए। यह मंदिर टोक्यो का सबसे प्राचीन और लोकप्रिय धार्मिक स्थल माना जाता है। यहां पूजा-अर्चना करते हुए मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह यह मंदिर शांति और सामर्थ्य का संदेश देता है, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ भी शांति और विकास का प्रतीक बने, यही उनकी आकांक्षा है।
डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने पर चर्चा...
विदेश दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और उनके प्रतिनिधिमंडल ने NTT लिमिटेड की CEO कायो इतो से मुलाकात की। NTT दुनिया की अग्रणी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल समाधान कंपनियों में से एक है, जिसका कारोबार 50 से अधिक देशों में फैला है।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में आईटी सेक्टर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है।
भारतीय राजदूत के साथ रात्रिभोज...
शाम को भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा टोक्यो में आयोजित औपचारिक रात्रिभोज में मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। इस दौरान इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में उद्योग और व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान की तकनीकी क्षमता और भारत की कुशल मानव संसाधन शक्ति मिलकर नए औद्योगिक अवसर पैदा कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में प्रमोट करने की बात भी रखी।
छत्तीसगढ़ को वैश्विक मंच से जोड़ने की पहल...
मुख्यमंत्री के इस दौरे का पहला दिन निवेश, व्यापार और कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा। यह यात्रा छत्तीसगढ़ को एक ऐसे राज्य के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में कदम है, जो औद्योगिक विकास, तकनीकी नवाचार और वैश्विक साझेदारी का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।