छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार: साय कैबिनेट में शामिल हुए तीन नए चेहरे…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए तीन नए नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलवाई। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने गुरु खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव और राजेश अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पहली बार छत्तीसगढ़ कैबिनेट में 14 मंत्री...
साय सरकार के गठन के बाद अब तक मंत्रिमंडल में 11 मंत्री थे। लेकिन सोमवार को हुए विस्तार के बाद कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है। यह राज्य की राजनीति में पहली बार है, जब कैबिनेट में इतने मंत्री एक साथ कार्यरत होंगे।
‘हरियाणा मॉडल’ अब छत्तीसगढ़ में भी...
इस मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा फार्मूला लागू हो गया है। हरियाणा में भी 90 विधानसभा सीटें हैं और वहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ 13 मंत्री कार्यरत हैं। अब छत्तीसगढ़ में भी सीएम साय समेत कुल 14 मंत्रियों की टीम बन गई है।
ये बने नए मंत्री...
- गुरु खुशवंत साहेब – विधायक, आरंग
- गजेंद्र यादव – विधायक, दुर्ग शहर
- राजेश अग्रवाल – विधायक, अंबिकापुर
तीनों नेताओं के शपथ ग्रहण के साथ ही प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
पुराने मंत्रियों की कुर्सी सुरक्षित...
इस विस्तार में किसी पुराने मंत्री का विभाग बदला नहीं गया है और न ही किसी को बाहर का रास्ता दिखाया गया। बीते कुछ दिनों से लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल और टंकराम वर्मा के विभाग बदलने या पद से हटाए जाने की अटकलें थीं, लेकिन विस्तार के बाद अब यह साफ हो गया कि वर्तमान टीम जस की तस बनी रहेगी।