BJP सांसद का तंज : कांग्रेस सबसे बड़ी वॉशिंग मशीन है, Kejrival के सारे गुनाह धो दिए…

BJP MP Washing Machine Taunt: भाजपा सांसद ने कांग्रेस और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. कांग्रेस पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि ये पार्टी सबसे बड़ी वॉशिंग मशीन है, जिसने अरविंद केजरीवाल के सारे गुनाह को धो दिया. उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा और कहा कि केजरीवाल तो सभी को जेल भेजना चाहते थे, लेकिन उनका क्या?
भाजपा के जिस सांसद ने केजरीवाल और कांग्रेस पर निशाना साधा है, वे पहले खुद कांग्रेस में थे. हम आरपीएन सिंह की बात कर रहे हैं. कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह ने कहा कि विचारधारा ऐसी चीज है जिसे कांग्रेस ने त्याग दिया है… यह अपने नेतृत्व की सनक और मनमानी पर चलती है.
जनवरी 2022 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल
पूर्वी उत्तर प्रदेश के पडरौना के पूर्व राजघराने के वंशज आरपीएन सिंह ने राज्य विधानसभा चुनाव से एक महीने पहले जनवरी 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था. कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाला था. 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में लगातार हार के बाद उन्हें झारखंड और छत्तीसगढ़ का एआईसीसी प्रभारी बनाया गया था.
1 जून को होने वाले अंतिम चरण के मतदान से पहले आरपीएन सिंह को भाजपा ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था. इस साल यूपी से भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस से भाजपा और कांग्रेस की कार्यप्रणाली के बीच अंतर, भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ विपक्ष के आरोपों से लेकर भारत के लिए मोदी के रोडमैप तक के मुद्दों पर बात की.
सवाल- यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन की चुनौती कितनी बड़ी है?
जवाब- ये तो साफ है कि यूपी में कांग्रेस है ही नहीं. जो बची-खुची पार्टी बची थी, वो भी विधानसभा चुनाव में खत्म हो गई, इसलिए वास्तव में कोई गठबंधन नहीं है. जहां तक समाजवादी पार्टी का सवाल है, तो 2019 में जब उसने बसपा के साथ गठबंधन किया था, तब उसे सिर्फ पांच सीटें मिली थीं. ये गठबंधन काफी मजबूत माना जा रहा था. 2014 में भी वो पांच से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाई थी. अब सपा और बसपा अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं, इसलिए हमारा मानना है कि भाजपा यूपी में 80 में से 80 सीटें जीतने जा रही है.
सवाल- भाजपा का अभियान कैसा रहा?
जवाब- मैंने कई जिलों का दौरा किया है, खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में. भाजपा के लिए लोगों का समर्थन बढ़ रहा है. देश के लिए भाजपा सरकार की ओर से किए गए बेमिसाल कामों की वजह से लोग प्रधानमंत्री को तीसरा कार्यकाल देने के लिए उत्सुक हैं. अगर आप आज उत्तर प्रदेश को देखें, तो यह राज्य अपने विकास के पैमाने के लिए अलग नज़र आता है. भाजपा के पास शासन और विकास का खाका है और उत्तर प्रदेश इस बात का एक शानदार उदाहरण है कि कैसे प्रभावी शासन वास्तव में लोगों की उम्मीदों, आकांक्षाओं और जीवन की गुणवत्ता को बदल सकता है.