जल्द दूल्हा बनेंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, शादी के लिए माता जी से कहा- जल्दी बिटिया देख लो

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और प्रसिद्ध धार्मिक व्यक्तित्व पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी शादी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि गुरु की आज्ञा मिल गई है और अब वे जल्द ही विवाह करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि गुरु की आज्ञा होने के बाद उन्होंने अपनी माता से लड़की देखने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि विवाह माता की पसंद से होगा। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में हमेशा यह सिद्धांत रहा है कि जो बात कही जाती है, उस पर वे अडिग रहते हैं। शादी करना तय है और जल्द ही इसकी खुशखबरी भी सामने आएगी।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि वे 21 दिनों के लिए बद्रीनाथ में साधना करने जाएंगे, जिसमें पांच दिन की विशेष तपस्या भी शामिल होगी। साधना पूरी होने के बाद विवाह की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि शादी उनकी व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि गुरु की आज्ञा और माता की पसंद के आधार पर होगी। उनके इस ऐलान के बाद उनके अनुयायियों में खुशी की लहर देखी जा रही है। लंबे समय से उनकी शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब उन्होंने स्वयं स्पष्टता दे दी है।



