नए उप नगरपाल के नाम की घोषणा के बाद टल गया अटकलों का बाजार इस पार्षद के नाम पर लगी मुहर…

मो. इरफान राजगांगपुर के उपनगरपाल घोषित... बीजद हाईकमान के आदेश पर वार्ड नं दो के पार्षद के नाम पर लगी मुहर...
राजगांगपुर। 20 वार्डों वाले नगरपालिका में 12 पार्षद के साथ बीजद सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण नगरपाल के बाद गुरुवार को हुए उपनगरपाल के चुनाव में बीजद के पक्ष में गया.बीजद हाईकमान के आदेश पर उपनगरपाल के लिए एक मात्र प्रत्याशी के रूप में मोहम्मद इरफान का नाम घोषित होने से उन्हें उपनगरपाल चुन लिया गया। सुंदरगढ़ जिले की तीन नगरपालिका में से दो पर बीजद के नगरपाल बने हैं जिसमें राजगांगपुर व बीरमित्रपुर नगरपालिका शामिल हैं। वहीं सुंदरगढ़ नगरपालिका में भाजपा ने जीत हासिल कर ली।

गत 24 मार्च को हुए चुनाव के बाद 26 मार्च को चुनाव परिणाम की घोषणा की गई जिसमें राजगांगपुर नगरपालिका के नगरपाल पद पर बीजद की माधुरी लुगुन विराजमान हो गई । वहीं दूसरी ओर बीस वार्ड वाली नगरपालिका में बीजद के 12 प्रत्याशी, कांग्रेस के चार, भाजपा के तीन और एक निर्दलीय प्रत्याशी विजय हासिल करने से अटकलों बाजार थम गया था।




इसके बाद फिर एक बार नगरपालिका के उप नगरपाल पद पर कौन विराजमान होगा को लेकर शहर की राजनीति सरगर्मी एकाएक बढ़ गई और अटकलों का बाजार गर्म हो गया। बीजद की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुरुवार यानी 8 मार्च को बंद लिफाफे में किसके नाम का पत्ता खुलेगा और किसके सिर पर उप नगरपाल का मुकुट सजेगा की ही घोषणा बाकी रह गई थी। बता दें कि उप नगरपाल पद पर विराजमान होने की दौड़ में वार्ड नंबर एक के पार्षद कौशल सिंह, वार्ड नंबर दो के एमडी इरफान, वार्ड नंबर पांच के सुधीर साह और वार्ड नंबर नौ के पार्षद अंतरिक्ष पल्लई शामिल थे।





इस कड़ी में गुरुवार सुबह दस बजे स्थानीय डाक बंगला परिसर में बीजद के जिला अध्यक्ष विनय टोप्पो,राजगांगपुर पर्यवेक्षक मनोज सेनापति, नगरपाल माधुरी लुगुन एवं बीजद के बारह पार्षद को लेकर एक बैठक हुई जिसमें बंद लिफाफे में कैद नाम की घोषणा कैसे की जाएगी और कौन होगा उप नगरपाल के पद पर विराजमान के नियमों के बारे में जानकारी दी गई है। वहीं दूसरी ओर राजगांगपुर पर्यवेक्षक मनोज सेनापति ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस बंद लिफाफे में कैद नाम की घोषणा करने की जिम्मेदारी बीजद के जिला अध्यक्ष विनय टोप्पो को सौंपी है।




इसके बाद नगरपालिक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप नगरपाल अभिमन्यु बेहरा, बीजद जिला अध्यक्ष विनय टोप्पो राजगांगपुर पर्यवेक्षक मनोज सेनापति, नगरपालिका ईओ, नगरपाल माधुरी लुगुन एवं बीजद के बारह पार्षद एवं मिडिया कर्मियों की मौजूदगी में विनय टोप्पो ने बंद लिफाफे को खोला और एमडी इरफान की नाम की घोषणा की।
कागजात की खानापूर्ति के बाद दोपहर एक बजे उप जिलापाल अभिमन्यु बेहरा ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव पर मुहर लगाई और एमडी इरफान को नगरपालिका के उप नगरपाल बनाए जाने की घोषणा कर दी। एमडी इरफान के नाम की घोषणा होते ही नवीन पटनायक जिंदाबाद, बीजेडी जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। उसके बाद एमडी इरफान को उनके कार्यलय में उनकी कुर्सी पर विराजमान करवाया गया। उसके बाद शुरू शुभकामनाएं और बधाइयां देने का सिलसिला।
इस मौके पर बीजद के टाउन अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा, टाउन सचिव तन्मय सिंह, शोएब आलम, मुस्लिम पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष कुतुब रब्बानी समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहकर एमडी इरफान को ढेर सारी हार्दिक शुभकामनाएं दी। पद पर आसीन होने के बाद मिडिया से मुखातिब होते हुए एमडी इरफान ने कहा कि वो शहरवासियों की हर समस्या का समाधान करने की पूरी जोर कोशिश करेंगे।