रायगढ़ में कांग्रेस के अंतःकलह की सुगबुगाहट, 17 पार्षद हुए लामबंद महिला कांग्रेस ने दिया इस्तीफा

रायगढ़। कांग्रेस की दो नेत्रियों के बीच आपस में हुई झड़प और गाली गलौज के वायरल वीडियो के बाद रायगढ़ में कांग्रेस में कुछ ठीक नहीं चल रहा। रायगढ़ की महिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह महिला पार्षद संजना शर्मा को गालियां दे रही थी। इस विवाद को लेकर रायगढ़ के 17 कांग्रेस पार्षदों ने प्रेसवार्ता कर बरखा सिंह पर कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। लेकिन इसके पहले ही जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह ने देर रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
दरअसल 10 जनवरी को ही नगर निगम का अतिक्रमण तोड़ू दस्ता संजना शर्मा के वार्ड में एक गैर कानूनी निर्माण को गिरने गई थी, इसके विरोध में संजना सामने आ गयी। उन्होंने कहा कि यदि अवैध निर्माण तोड़ना ही है तो पहले बरखा सिंह का घर तोड़ा जाना चाहिए। बरखा सिंह ने इस बात की शिकायत नगर निगम के सभापति जयंत ठेठवार से की। इसी दौरान संजना भी वहां पहुंच गई और सभापति कक्ष में ही दोनों नेत्री भीड़ गई।
इसका वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में बरखा सिंह गाली गलौज करती नजर आई। हालांकि बरखा सिंह ने वीडियो को बढ़ा चढ़ा कर एक पक्षीय रणनीति के तहत पेश करना बताया है।
इसे कांग्रेस पार्टी में अंतः कलह के रूप में देखा जा रहा है। इसका पार्टी की छवि में विपरीत असर पड़ने लगा है।भाजपा भी तंज कसने लगी है।