
नई दिल्ली (भाषा)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक के कुछ शिक्षण संस्थानों में हिजाब को लेकर खड़े हुए विवाद के बीच बडा बयान दिया है। प्रियंका गांधी वाड्रा नें कहा कि यह फैसला करना महिलाओं का अधिकार है कि उन्हें क्या पहनना है और क्या नही तथा पहनावे को लेकर उत्पीड़न बंद होना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ हैशटैग से ट्वीट किया कि, ‘चाहे वह बिकनी हो, घूंघट हो, जींस हो या हिजाब हो, यह फैसला करने का अधिकार महिलाओं का है कि उन्हें क्या पहनना है।’
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘इस अधिकार की गारंटी भारतीय संविधान ने दी है। महिलाओं का उत्पीड़न बंद करो।’
कर्नाटक के कुछ शिक्षण संस्थानों में हाल के दिनों में ‘हिजाब’ के पक्ष और विपक्ष में प्रदर्शन हुए हैं। इस विवाद के बीच राज्य सरकार ने प्रदेश में अगले तीन दिन तक स्कूल और कॉलेज में अवकाश की घोषणा की है।