आकाशवाणी प्रसारण केंद्र में मचा हड़कंप, फांसी के फंदे पर लटका कर्मचारी…

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित आकाशवाणी प्रसारण केंद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कर्मचारी ने कार्यालय परिसर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कर्मचारी द्वारा सुसाइड करने की खबर से अधिकारी-कर्मचारियों सहित आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया व आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुट गए है।
जानकारी के मुताबिक मृतक कर्मचारी कर्ज से परेशान था। गोरखपुर पुलिस ने बताया कि कटंगा में आकाशवाणी के क्वार्टर में रहने वाले 56 वर्षीय रवि आटे आकाशवाणी केंद्र में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। रवि आटे प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 8:15 बजे आकाशवाणी कार्यालय पहुंचा था।
घटना वाले दिन रवि चाय पीने के बाद करीब 9 बजे परिसर में स्थित सहायक अभियंता राजू गंगरा के कक्ष में चला गया लेकिन जब चेंबर से रवि काफी देर तक बाहर नही आया तो साथी कर्मी ने आवाज लगाई, लेकिन रवि ने जवाब नहीं दिया। कर्मचारी ने कमरे में जाकर देखा तो रवि फंदे से लटका हुआ था। बचाव के लिए आवाज लगाने पर आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक रवि आटे की मौत हो चुकी थी।
पुलिस की प्राथमिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार में ऐसी कोई दिक्कत नहीं थी जिससे आत्महत्या करना पड़े। पत्नी आरती आटे का कहना था कि रवि ने कुछ कर्ज लिया था जिसको लेकर कभी-कभी परेशान रहते थे। उसने बताया कि उसके पति कजर्दारों का कर्ज धीरे-धीरे चुका भी रहे थे।